बीकानेर
राजस्थान के बाड़मेर जिले में रविवार को एक धार्मिक आयोजन के दौरान पंडाल गिरने से कम से कम 14 श्रद्धालुओं की मौत हो गयी। हादसे में लगभग 50 लोग घायल हुए हैं।रविवार दोपहर यह हादसा उस समय हुआ जब बालोतरा कस्बे के जसोल धाम में एक स्कूल में कथा चल रही थी। तभी तेज अंधड़ से पंडाल नीचे श्रद्धालुओं पर आ गिरा। सैंकड़ों श्रद्धालुओं को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वह नीचे दब गए।
बालोतरा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव ने बताया कि 14 व्यक्तियों की मौत हुई है और लगभग 50 अन्य घायल हुए हैं। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है। घायल लोगों को 2-2 लाख सहायता राशि देने की घोषणा हुई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर खेद व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने घटना पर खेद जताते हुए मृतकों के परिजन के प्रति संवेदना जताई है। प्रधानमंत्री कार्यालय के ट्विटर हैंडल के जरिए उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य होने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री गहलोत ने हादसे पर खेद जताते हुए ट्वीट किया,‘‘ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करने,शोकाकुल परिजनों को सम्बल देने की प्रार्थना है। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।’ इसके साथ ही उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को जांच के आदेश दिए गए हैं तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत बचाव का कार्य किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अनेक नेताओं ने भी हादसे पर खेद जताया है।
News27rajasthan


0 टिप्पणियाँ