BREKING NEWS

6/recent/ticker-posts

NEWS27

नियमित टीकाकरण की माॅनिटरिंग में प्रदेश में अव्वल रहा पाली जिला

 नियमित टीकाकरण की माॅनिटरिंग में प्रदेश में अव्वल रहा पाली जिला

एमसीएचएन-डे की माॅनिटरिंग में पाली जिला फिर रहा अव्वल, कोरोनाकाल में चिकित्साधिकारियों ने सीएमएचओ के नेतृत्व में मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस पर ओडीके एप्प से माॅनिटरिंग कर पाया पहला स्थान

पाली,

 26 मई कोरोना काल में भी पाली जिले के चिकित्सा अधिकारी व कर्मचारी कोरोना वारियर्स के साथ विभाग के अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों की लक्ष्य प्राप्ति करने में जुटे हुए है। इसी का ही परिणाम है कि पाली जिला नियमित टीकाकरण की आॅनलाइन माॅनिटरिंग में पूरे प्रदेश में इस बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

   जानकारी के अनुसार मई माह के तीसरे गुरूवार को भी चिकित्सा विभाग की ओर से मातृ-शिशु स्वास्थ्य को लेकर आयोजित किए गए मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (एमसीएनएस-डे) के सत्रों की माॅनिटरिंग करने में पाली जिले ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिले ने यह कामयाबी पाली सीएमएचओ डाॅ.आरपी मिर्धा के नेतृत्व प्राप्त की है।

   राज्य सरकार के निर्देश पर टीकाकरण कार्य की प्रभावी माॅनिटरिंग करने के लिए मई माह के तीसरे गुरूवार को पाली जिले में 266 सत्र आयोजित किए गए, जिसमें पाली जिले के चिकित्सा विभाग की टीम ने सीएमएचओ डाॅ.आरपी मिर्धा के नेतृत्व में जिला, ब्लाॅक एवं सेक्टर स्तर के अधिकारियों ने इन सत्रों का निरीक्षण कर आॅनलाइन माॅनिटरिंग की तथा कोरोना महामारी में सरकार की गाइडलाइन अनुसार पालन करने में राज्य में पाली जिला एक बार फिर प्रथम स्थान पर रहा। मई माह के तीसरे गुरूवार को पाली जिले के 266 आंगनबाड़ी केंद्रों व स्वास्थ्य केंद्रों पर माॅस्क, सोशियल डिस्टेसिंग तथा सेनेटाइजेशन का उपयोग करते हुए मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (एमसीएचएन डे) मनाया गया। कोरोना वायरस संक्रमण से लड़ाई के साथ ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग गर्भवती, प्रसूता, नवजात व बच्चों के समयबद्ध टीकाकरण और उसके प्रभावी मॉनिटरिंग कर रहा है। एमसीएचएन दिवस पर जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों व स्वास्थ्य केन्द्रों पर गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, गर्भवती महिलाओं की हिमोग्लोबिन जांच, वजन, मूत्र, मधुमेह, हाईट, ब्लडप्रेशर तथा पेट की जांच की गई। जांच के दौरान चिन्हित हुई हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं को समुचित पौष्टिक आहार का सेवन करने की सलाह दी गई।

कोरोना गाइड लाइन की पालना कर किया कार्य

पाली। सीएमएचओ डाॅ. आरपी मिर्धा ने बताया कि गुरूवार को जहां भी एमसीएचएन डे का आयोजन किया गया। वहां पर समस्त जिला, ब्लाॅक एवं सेक्टर स्तर अधिकारियों ने मोबाइल एप्लीकेशन ओडीके के द्वारा इस दिवस के सत्रों की माॅनिटरिंग की गई, जिसमें एकत्रित डाटा तुरंत राज्य स्तर तक पहुंच सके व रीयल टाईम डाटा एकत्रित हो। ओडीके एप्प से ब्लाॅक स्तर से लेकर जिला स्तर पर इसकी विशेष माॅनिटरिंग शुरू की गई। इसमे वैक्सिन से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को रोकने के लिए हर स्तर पर प्रयास करने के लिए कहा गया। एप के जरिए निर्देश दिए गए है कि इसके सोशल डिस्टेंसिंग की पालना के साथ आने वाली महिला एवं नवजातों को छह-छह फीट की दूरी पर रखा जाए, मास्क लगा जाएं, महिला अथवा बच्चे के साथ ज्यादा लोग नहीं हो। इसके अलावा केंद्रों को सेनेटाइज कराया जाएं। साथ ही किसी के घर पर न जाकर संबंधित को फोन के माध्यम से स्कूल अथवा ऐसे स्थान पर बुलाया जाए जिसमें किसी भी तरह की दिक्कत न हो। टीकाकरण के वेस्ट को तुरंत निस्तारण के लिए भी गाइड लाइन जारी की गई है।

सेशन पर कितने हुए लाभान्वित

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उजमा जबीन ने बताया कि एमसीएचएन दिवस पर जिले में 266 टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए, जिसमें 875 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच कर टीकाकरण किया गया तथा 2495 बच्चो का टीकाकरण किया गया। बच्चों के टीकाकरण में एक वर्ष तक की आयुवर्ग के 1558 बच्चों का टीकाकरण किया गया। इसी तरह 2 वर्ष तक की आयुवर्ग के 486 बच्चे, पांच वर्ष तक की आयुवर्ग के 233, दस वर्ष की आयुवर्ग के 119 तथा सोलह वर्ष की आयुवर्ग में 99 बच्चों का टीकाकरण कर लाभान्वित किया गया।

किस ब्लाॅक में कितने सेशन आयोजित

पाली। सीएमएचओ डाॅ.आरपी मिर्धा ने बताया कि मई माह के तीसरे गुरूवार को जिले में 266 स्थानों पर एमसीएचएन डे का आयोजन किया गया, जिसमें बाली ब्लाॅक में 20, देसूरी ब्लाॅक में 14, जैतारण ब्लाॅक में 12, खारची व रानी ब्लाॅक में 25-25, पाली ब्लाॅक में 16, रायपुर ब्लाॅक में 34, रोहट व सुमेरपुर ब्लाॅक में 26-26, सोजत ब्लाॅक में 46, सोजत पीएमओ में 11, पाली पीएमओ में 3 तथा पाली शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अंतर्गत 8 स्थानों पर एमसीएचएन डे का आयोजन किया गया। 

किस ब्लाॅक में कितनी गर्भवती महिलाएं व बच्चे लाभान्वित

पाली। आरसीएचओ डाॅ.उजमा जबीन ने बताया कि इस बार एमसीएचएन डे पर पाली जिले में 875 गर्भवती महिलाएं व 2495 बच्चों का टीकाकरण कर लाभान्वित किया गया। इनमें से बाली ब्लाॅक में 70 गर्भवती महिलाएं तथा 185 बच्चे, देसूरी ब्लाॅक में 61 गर्भवती महिलाएं तथा 168 बच्चे, जैतारण ब्लाॅक में 22 गर्भवती महिलाएं तथा 95 बच्चे, खारची ब्लाॅक में 85 गर्भवती महिलाएं तथा 225 बच्चे, पाली ब्लाॅक में 78 गर्भवती महिलाएं तथा 243 बच्चे, रायपुर ब्लाॅक में 105 गर्भवती महिलाएं तथा 362 बच्चे, रानी ब्लाॅक में 109 गर्भवती महिलाएं तथा 257 बच्चे, रोहट ब्लाॅक में 65 गर्भवती महिलाएं तथा 218 बच्चे, सोजत ब्लाॅक में 136 गर्भवती महिलाएं तथा 289 बच्चे, सुमेरपुर ब्लाॅक में 89 गर्भवती महिलाएं तथा 244 बच्चे, पीएमओ सोजत में 14 गर्भवती महिलाएं तथा 57 बच्चे, पीएमओ पाली में 7 गर्भवती महिलाएं तथा 84 बच्चे, पाली शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 33 गर्भवती महिलाएं तथा 68 बच्चों का टीकाकरण कर कोरोना काल में लाभान्वित किया गया।

रिपोर्ट-रमेश दायमा

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ