BREKING NEWS

6/recent/ticker-posts

NEWS27

मारवाड़ जंक्शन सुमेरपुर जैतारण में मतदान बुधवार को मतदानकर्मियों का दल पहुंचा इन क्षेत्रों में

पाली



28 जनवरी। पंचायत राज आम चुनाव के लिए जिले की जैतारण, मारवाड़ जंक्शन एवं सुमेरपुर क्षेत्र में सरपंच एवं वार्ड पंच के लिए बुधवार को होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित बांगड काॅलेज में मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण देकर मतदान सामग्री के साथ रवाना किया गया।

 तृतीय चरण के अंतिम प्रशिक्षण में जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेशचन्द जैन ने कहा कि मतदान दल पूरी निष्ठा, सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ टीम भावना से कार्य करते हुए स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराएं। उन्होंने कहा कि मतदान दल किसी का भी आतिथ्य स्वीकार नहीं करें। मतदान कार्मिकों की निष्पक्षता रहनी भी चाहिए और दिखनी भी चाहिए। मतदान दल के सदस्य समय पर अपने बूथ की समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक चुनाव में कुछ भिन्नता पाई जाती है इसके लिए चुनाव आयोग के दिए गए निर्देशों की अक्षर पालना सुनिश्चित करते हुए अपने अपने दायित्वों का निर्वहन कर मतदान की प्रक्रिया पूर्ण करें। चुनाव के संबंध में आयोग द्वारा निर्देशों का पुनः पठन करने के साथ ही अगर किसी प्रकार का कोई संशय हो तो संबंधित उपखण्ड अधिकारी से सम्पर्क कर उसका समाधान कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र पर चुनाव निरन्तर गति से होना चाहिए अधिक समय नहीं लेकर निर्धारित समय पर प्रक्रिया को पूर्ण करें। देर रात्रि तक मतदान चलने से परिणाम में देरी होती है अगर किसी मतदान दल में अतिरिक्त कर्मचारी लगाने हो तो उसकी रिपोर्ट तुरंत दें। उन्होंने कहा कि मतगणना के समय सरपंच के लिए परिणाम घोषित करने के पश्चात वार्ड पंचों की वास्तविक मतगणना प्रारंभ की जाए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेन्द्रसिंह चौधरी ने कहा कि एरिया व जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाये रखते हुए समन्वय के साथ निर्वाचन की प्रक्रिया को संपादित करें तथा समय पर आवश्यक सूचनाओं का सम्प्रेक्षण करें। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र की 200 मीटर परिधि में किसी भी प्रकार के चुनाव प्रसार से संबंधित गतिविधियों की पाबन्दी की अनुपालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र 100 मीटर की परिधी में कोई भी अभ्यर्थी मत के लिए याचना नहीं कर सकता है। मतदान केन्द्र में मोबाईल का उपयोग निषेध रहेगा।

उन्होंने कहा कि मतदान दल के सदस्य ईवीएम व मतपत्र को भलीभांति चैक कर ले ताकि मतदान के समय कोई कमी न रहें। किसी भी बूथ पर ईवीएम खराब होने पर नई ईवीएम की व्यवस्था होने तक मतदान की प्रक्रिया रोकी जाए। उन्होंने कहा कि मतगणना के समय सरपंच पद के लिए गणन अभिकर्ता लगाए जा सकते है। परन्तु वार्ड पंच के लिए कोई भी अभिकर्ता लगाने का प्रावधान नहीं है। मतगणना के समय समान मत प्राप्त होने पर लाॅटरी की प्रक्रिया अपनाई जाएं। उन्होंने बताया कि मतदान 29 जनवरी को प्रातः 8 से सांय 5 बजे तक चलेगा। सरपंच के मतदान से पूर्व प्रातः माॅकपोल पोलिंग एजेन्ट के समक्ष किया जाएगा। माॅकपोल करने के पश्चात मशीन को क्लीयर करना अतिआवश्यक है। अगर कोई खराबी के कारण ईवीएम बदली जाती है तो उसमें भी एक-एक वोट का माॅकपोलिंग कर उसे भी क्लीयर किया जाए। वार्ड पंच का चुनाव मतपत्र के माध्यम से होगा। उप सरपंच का चुनाव 30 जनवरी को किया जाएगा।

अंतिम प्रशिक्षण में गजेन्द्र दवे, सुरेन्द्र जैन, तुलसीराम, प्रवीण एवं चिमनाराम पटेल ने मतदान केन्द्र की स्थापना, मतदान प्रक्रिया, बैलेट बाॅक्स, ईवीएम की कार्यप्रणाली, माॅकपोल, निविदित मत पत्र, मतगणना रजिस्टर, स्ट्रीप सील, पिंक पेपर सील, मतगणना, उप सरपंच चुनाव आदि के संबंध मंे विस्तृत जानकारी दी। उप विधि परार्मशी अरविन्दसिंह राजपुरोहित ने चुनाव के विविध कानून पहलूओं के बारे में बताया। सभी मतदान दल अपने अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंचे गए है।

प्रशिक्षण स्थल पर एटीएम वैन की की गई व्यवस्था -

पंचायत चुनाव तृतीय चरण चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान दलों की रवानगी होने पर किसी भी कार्मिक को रुपयों के लिए इधर उधर भटकना नही पड़े इसके लिए राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक से एक एटीएम वेन की व्यवस्था की। जिससे कार्मिको को बांगड महाविद्यालय में ही एटीएम सुविधा मिल गई। इसके साथ ही चिकित्सा, केंटिन की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है।

इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रहलाद सहाय नागा, उपखण्ड अधिकारी सुमेरपुर राजेन्द्रसिंह, उपखण्ड अधिकारी जैतारण भास्कर विश्नोई एवं प्रशिक्षु आरएएस मधुलिका सीवर, लाखाराम, विनीत कुमार सुखाडिया आदि मौजूद रहे ।

News27rajasthan
रमेश दायमा

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ